पटना में छात्रों के प्रदर्शन के बीच फ्लैग मार्च, उपद्रव के आरोप में 140 लोगों की पहचान; एसएसपी ने जनता से मांगी मदद
दिल्ली के जंतर-मंतर के बाद बिहार की राजधानी पटना में भी छात्रों का प्रदर्शन लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। पिछले दो दिनों से जारी विरोध-प्रदर्शन के दौरान कुछ स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प तथा पथराव की घटनाएं सामने आईं,
पटना: दिल्ली के जंतर-मंतर के बाद बिहार की राजधानी पटना में भी छात्रों का प्रदर्शन लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है। पिछले दो दिनों से जारी विरोध-प्रदर्शन के दौरान कुछ स्थानों पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प तथा पथराव की घटनाएं सामने आईं, जिसमें छात्र और पुलिसकर्मी दोनों घायल हुए।
स्थिति को देखते हुए शुक्रवार को पटना के जिलाधिकारी (डीएम), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्तिकेय शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने शहर के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश देना था।एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना सभी नागरिकों का अधिकार है, लेकिन कानून हाथ में लेने और हिंसा फैलाने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि उपद्रव और पथराव की घटनाओं में शामिल होने के आरोप में अब तक 140 लोगों की पहचान की गई है।
एसएसपी के अनुसार, इन संदिग्धों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर जारी कर दी गई हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि यदि इनमें से किसी व्यक्ति की पहचान हो तो इसकी जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को दें, ताकि संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके। पटना पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। पटना से एनबीसी 24 संवाददाता अजय कुमार की रिपोर्ट।